

हल्द्वानी न्यूज़ :- भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या हल्द्वानी के मानसखंड खेल परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने हॉकी खिलाड़ियों के साथ खुद मैदान में उतरकर हॉकी खेली और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर एक प्रदर्शनी मैच का भी आयोजन किया गया।
खेल मंत्री बिना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के गोलापुर स्टेडियम पहुंचीं और वहां उपस्थित खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1925 में भारतीय हॉकी महासंघ की स्थापना हुई थी, जिसके बाद भारतीय टीम ने 1928 के ओलंपिक में हिस्सा लिया और गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया।
रेखा आर्या ने कहा कि एक समय था जब दुनिया की कोई भी टीम भारतीय हॉकी टीम के सामने खेलने से डरती थी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय हॉकी के उस पुराने गौरव को पुनः हासिल करने का संकल्प लें।
खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हॉकी का कल्चर तेजी से विकसित हो रहा है और यहां से वंदना कटारिया जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी उभरकर सामने आई हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि अगले ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम में उत्तराखंड का भी मजबूत प्रतिनिधित्व हो, इसके लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से तैयारी करें।
इस अवसर पर सहायक निदेशक रसिका सिद्दकी, जिला उप खेल अधिकारी वरुण बेलवाल सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।












