भाईजान’ नाम के जिन्न का कारनामा बता ग्रामीण से ठग लिए 62.79 लाख रुपए.

काशीपुर। ऊधमसिंहनगर के ग्राम बांसखेड़ा निवासी एक ग्रामीण ने जिन्न के नाम पर उससे 62.79 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी शकील अहमद पुत्र शब्बीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अप्रैल 2025 में उनकी मुलाकात धीमरखेड़ा निवासी सरताज अली उर्फ सैय्यद मियां से हुई थी। सरताज ने दावा किया कि उसके पास ‘भाईजान’ नाम का एक जिन्न है, जिसके जरिए वह लोगों को भारी मुनाफा कमा कर देता है। विश्वास जीतने के लिए जुलाई 2025 में ग्राम बांसखेड़ा में एक बड़े जलसे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे। वहां सरताज ने धार्मिक उपदेश देते हुए निवेश की दो योजनाएं बताईं। उसने कहा कि 25,500 रुपये जमा करने पर 16,000 रुपये प्रति माह और 1.11 लाख रुपये जमा करने पर एक लाख रुपये प्रतिमाह का रिटर्न मिलेगा। आरोप है कि सरताज ने अपने साथियों आरिफ अली और नाजिम के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बनाया। शकील अहमद और उनके परिवार के करीब नौ सदस्यों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी कुल 62.79 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।
आरोप है कि इस तरह की वारदात ग्राम रोफिनी, जिला रामपुर में भी की गई है। शकील के अनुसार, 12 फरवरी को जब वे अपना पैसा वापस मांगने सरताज के घर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शकील ने पैसा वापस दिलाने की मांग की है और कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है। आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरताज अली, आरिफ अली और नाजिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई .

यह भी पढ़ें 👉  ⚡ बागेश्वर में बादल फटने से तबाही: दो की मौत, तीन लापता – CM धामी के निर्देश पर राहत कार्य तेज़

सम्बंधित खबरें