हल्द्वानी। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे पौड़ी निवासी एक युवक पर बस से उतरते ही चाकू से हमला कर दिया गया। युवक का आरोप है कि हमलावर ने पहले उससे पैसों की मांग की और विरोध करने पर उसके पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद युवक के बैग से चार लाख रुपये गायब बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, पौड़ी निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें हल्द्वानी के एक कारोबारी सुनील को चार लाख रुपये का भुगतान करना था। इसी सिलसिले में विकास शनिवार देर रात देहरादून से बस के जरिए हल्द्वानी के लिए रवाना हुए थे।
रविवार तड़के करीब चार बजे विकास हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे। बस से उतरते ही एक युवक ने उन्हें चाकू की नोक पर रोक लिया और पैसों की मांग की। विकास ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके पेट में चाकू मार दिया। चाकू नाभि के पास लगने से विकास गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
इसी दौरान चीख-पुकार सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा और घायल विकास को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
विकास का दावा है कि हमले के बाद उनके बैग से चार लाख रुपये गायब हैं। हालांकि, ये रकम हमले के दौरान लूटी गई या किसी अन्य परिस्थिति में गायब हुई, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
वहीं, एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में है। बस अड्डे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
घायल होने के कारण विकास अभी पुलिस को घटना की पूरी जानकारी नहीं दे पाए हैं। फिलहाल पुलिस हमलावर की तलाश के साथ-साथ चार लाख रुपये गायब होने के मामले की भी जांच कर रही है।
अब सवाल ये है कि तड़के बस अड्डे पर हमला करने वाला शख्स कौन था और क्या वाकई चार लाख रुपये लूटे गए? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही साफ हो पाएंगे।


